2:11 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी -खेत में जुताई के दौरान कंटीले तार की चपेट में आई बच्ची, हालत गंभीर

बिल्सी बदांयू 27 जुलाई।

बिल्सी थाना क्षेत्र के परोली गांव में खेत की जुताई के दौरान हुआ हादसा एक बच्ची को महंगा पड़ गया। ट्रैक्टर के हल में फंसे कंटीले तार की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल रेफर कराया। पीड़ित के पिता ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

परोली गांव निवासी लाला राम की बेटी निधि खेत के किनारे खेल रही थी। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति पास में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। जुताई के दौरान खेत के पास लगा कंटीला तार अचानक ट्रैक्टर के हल यानी कल्टीवेटर में उलझ गया। हल के चलते ही तार तेजी से खिंचा और खेल रही निधि उसकी चपेट में आ गई। तार लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से निधि को बिल्सी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बदायूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पीड़ित बच्ची के पिता लाला राम ने बिल्सी थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में बिल्सी के क्राइम इंस्पेक्टर बीके मौर्य ने बताया कि पुलिस को पीड़ित पक्ष से तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल बच्ची का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस