बदायूं
बदायूं पुलिस की बड़ी कामयाबी: लूट और चोरी की वारदातों की फिराक में घूम रहे चार शातिर बदमाश गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूं। जरीफनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी कर रहे चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो चाकू, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, एक एप्पल मोबाइल फोन तथा एक महिंद्रा वीरो वाहन बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया एवं क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में जरीफनगर पुलिस ने यह सफलता हासिल की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गांव बागवाला स्थित स्विमिंग पुल के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को उस समय दबोच लिया, जब वे लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू निवासी कोठे (थाना अलापुर), रविन्द्र निवासी बनबोसारी (थाना उसावां), अजीत निवासी गढ़ी (जिला शाहजहांपुर) तथा छोटू निवासी भोनपुरा (जिला मुरैना, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लूट और चोरी की वारदातों के लिए अपना गिरोह बना रखा था। वारदात से पहले वे संभावित स्थान की रेकी करते थे और महिंद्रा वीरो वाहन से पहुंचकर चोरी व लूट का सामान उसमें भरकर ले जाते थे। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी शनिवार की रात भी एक गांव में लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में जरीफनगर पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
