बदायूं
श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर मुजरिया में हाई अलर्ट, एएसपी ग्रामीण ने की पीस कमेटी बैठक, कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण
केशव गुप्ता
बदायूं। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने थाना मुजरिया में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और डीजे संचालकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में सभी से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
एएसपी ग्रामीण ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। श्रद्धालुओं से निर्धारित कांवड़ मार्ग एवं समय का पालन करने तथा डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप करने का आग्रह किया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
बैठक के बाद एएसपी ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने थाना मुजरिया क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक मुजरिया विदेश कुमार शर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
