बदायूं
सरकारी पानी की टंकी से चोरी हुई सोलर प्लेटें 24 घंटे में बरामद, फैजगंज बेहटा पुलिस ने दो चोर दबोचे
केशव गुप्ता
बदायूँ। थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकारी पानी की टंकी से चोरी हुई चार सोलर प्लेटें और वायरिंग तार बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में नई धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को ग्राम तर्क परौली निवासी जुगल किशोर पुत्र शांति स्वरूप की तहरीर पर सरकारी पानी की टंकी से चार सोलर प्लेटें और वायरिंग तार चोरी होने के संबंध में थाना फैजगंज बेहटा में मुकदमा संख्या 176/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के दौरान थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने मंगलवार को दासपुर चौराहे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र राजवीर निवासी ग्राम तर्क परौली तथा ललित पुत्र सुखवीर निवासी ग्राम सिसरका, थाना फैजगंज बेहटा, जनपद बदायूँ के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई चार सोलर प्लेटें और वायरिंग तार बरामद किए हैं।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
