बदायूं
श्रावण मास व कांवड़ यात्रा: एएसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
केशव गुप्ता
बदायूँ, 02 अगस्त। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभिषेक कुमार सिंह ने रविवार को कछला गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
एएसपी नगर ने कहा कि कांवड़ यात्रा को “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ संपन्न कराने के लिए यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों तथा कछला गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक उझानी श्री प्रवीण कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
