6:07 pm Tuesday , 4 August 2026
BREAKING NEWS

कीचड़ और गंदे पानी से रोजाना जूझ रहे मोहल्लेवासी, सड़क निर्माण व जल निकासी की व्यवस्था कराने की उठाई मांग

बदायूं

उसावां नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5 में बदहाल सड़क बनी मुसीबत, जलभराव से लोग परेशान

कीचड़ और गंदे पानी से रोजाना जूझ रहे मोहल्लेवासी, सड़क निर्माण व जल निकासी की व्यवस्था कराने की उठाई मांग

बदायूं/उसावां। नगर पंचायत उसावां के वार्ड नंबर 5 में जर्जर सड़क और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से स्थानीय लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिससे गली में हमेशा पानी और कीचड़ भरा रहता है। इस वजह से लोगों को गंदगी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। बच्चे स्कूल जाते समय अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे चोट लगने का खतरा बना रहता है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि लंबे समय से जलभराव के कारण दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि वार्ड नंबर 5 की सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

विज्ञापन एक्सप्रेस