लोगों ने उठाई अभियान चलाने की मांग
बिल्सी। नगर में लंबे समय से फॉगिंग नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बरसात के बाद जगह-जगह जलभराव होने से मच्छरों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। हालात यह हैं कि लोगों का दिन में घरों के भीतर बैठना और रात में चैन की नींद लेना भी मुश्किल हो गया है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है, जिससे नगरवासी चिंतित हैं।
नगर के मोहल्ला संख्या दो निवासी अरविंद गुप्ता, पुरुषोत्तम शाक्य, कमलेश शर्मा, राजेश सोंलकी, वंटी माथुर, आरके लक्ष्य, देव पाराशर, चिराग माहेश्वरी, अभिषेक शाक्य, जेपी मौर्य, कुलदीप शर्मा, उमेश चंद्र, मोनू माथुर, योगेश शर्मा, विनीत शर्मा आदि का कहना है कि नगर के कई मोहल्लों में लंबे समय से फॉगिंग नहीं कराई गई है। जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों की भरमार है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अभी तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। शाम होते ही मच्छरों का आतंक बढ़ जाता है और छोटे बच्चों तथा बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल पूरे नगर में फॉगिंग अभियान चलाने और जलभराव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि संक्रामक बीमारियों की आशंका को रोका जा सके।
ईओ वेदप्रकाश यादव ने बताया कि नगर में फॉगिंग कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। मशीन और दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जल्द सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग अभियान चलाया जाएगा, साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
