बदायूं
गंगा का रौद्र रूप: कदम नगला में तेज कटान, प्राथमिक विद्यालय महज 5 मीटर दूर, 200 बीघा कृषि भूमि समाई
केशव गुप्ता
उसहैत (बदायूं), 7 अगस्त। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर घटने-बढ़ने से उसहैत क्षेत्र में गंगा का कटान तेज हो गया है। ग्राम कदम नगला के पास नदी का कटान लगातार बढ़ने से प्राथमिक विद्यालय महज 5 मीटर की दूरी पर रह गया है, जबकि लगभग 200 बीघा कृषि भूमि गंगा में समा चुकी है। गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से प्रभावी बचाव कार्य की मांग कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान राकेश कश्यप ने बताया कि कटान की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एक सप्ताह पहले ही प्राथमिक विद्यालय के 50 से 60 विद्यार्थियों को दलनगला प्राथमिक विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया था। अब विद्यालय के साथ-साथ कदम नगला गांव पर भी खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गंगा का कटान लगातार बढ़ रहा है और किसानों की सैकड़ों बीघा उपजाऊ भूमि नदी में समा चुकी है। वहीं सिठौली खाम, रैपुरा सहित आसपास के कई गांव भी बाढ़ और कटान की दृष्टि से अति संवेदनशील बने हुए हैं।
प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह तथा उसहैत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के साथ ग्राम जटा की मुख्य सड़क पर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया था। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ ग्रामीणों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए मोटर बोट की व्यवस्था भी कराई गई।
गुरुवार को उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह ने राजस्व विभाग की टीम के साथ तहसील दातागंज के बाढ़ प्रभावित गांव भुंडी, बेहटी, कदम नगला और सिठौली खाम का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कानूनगो और लेखपालों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
कटान स्थल पर ग्राम प्रधान राकेश कश्यप, अमित यादव, सत्यवीर सिंह यादव, हरेंद्र चौहान, आशीष यादव, ब्रजेश यादव, सुखवीर, राजवीर, साधु यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन ने स्थिति पर लगातार निगरानी रखने का भरोसा दिया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

