11:44 pm Friday , 7 August 2026
BREAKING NEWS

चंदे के विवाद में युवती को गोली मारने का दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद

बदायूं

चंदे के विवाद में युवती को गोली मारने का दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद

केशव गुप्ता

दातागंज (बदायूं)। थाना दातागंज पुलिस ने चंदे के पैसे को लेकर हुए विवाद में युवती को गोली मारने की घटना के दूसरे वांछित आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना दातागंज पुलिस ने शुक्रवार को थाना दातागंज पर दर्ज मुकदमा संख्या 270/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25(1-B)(A)/27 आर्म्स एक्ट में वांछित अभियुक्त जगतपाल पुत्र परशुराम निवासी ग्राम बेनी नगला, थाना दातागंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बेनी नगला में चंदे के पैसे इकट्ठा करने को लेकर जगतपाल और उसके साथी नन्हेलाल का वादी सुखपाल से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने आवेश में आकर सुखपाल की हत्या की नीयत से अवैध तमंचों से फायरिंग कर दी। फायरिंग में सुखपाल तो बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी पुत्री रीना के दाहिने हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गई।
इस मामले में पुलिस पहले ही 6 अगस्त 2026 को मुख्य आरोपी नन्हेलाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। अब दूसरे आरोपी जगतपाल की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण कार्रवाई पूरी कर ली है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल अमरजीत सिंह एवं कांस्टेबल शुभम चौधरी शामिल रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस