बदायूं
तबीयत बिगड़ने से हाईवे पर गिरा बाइक सवार, पुलिस ने पहुंचाया सीएचसी
केशव गुप्ता
कांवड़ मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर उठे सवाल, मुख्य द्वार बंद मिलने का आरोप
उसावां। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर काली माता मंदिर के समीप रविवार सुबह माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत बाइक सवार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उसावां पहुंचाया।
बताया गया कि सहसवान क्षेत्र निवासी नरेंद्र प्रताप सिंह माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। रविवार सुबह वह कंपनी के काम से थाना उसैहत क्षेत्र के गांव सिकंदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान काली माता मंदिर के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नरेंद्र प्रताप सिंह को तत्काल सरकारी वाहन से सीएचसी उसावां लेकर पहुंची। बताया गया कि करीब सुबह 9:30 बजे सीएचसी पहुंचने पर मुख्य द्वार बंद मिला। पुलिस ने सीएचसी प्रभारी को फोन कर मामले की जानकारी दी, जिसके बाद केंद्र खोला गया। हालांकि, आरोप है कि उस समय मौके पर कोई चिकित्सकीय स्टाफ मौजूद नहीं था।
कांवड़ मार्ग पर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे इस समय कांवड़ मार्ग है और यहां से बड़ी संख्या में कांवड़िये गुजर रहे हैं। ऐसे में सीएचसी पर समय से आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध न होने की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी कांवड़िये की अचानक तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार मिलना बेहद जरूरी है।
गनीमत रही कि पुलिस ने समय रहते बाइक सवार को अस्पताल पहुंचा दिया, जिससे उसका उपचार शुरू हो सका।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

