11:32 am Sunday , 9 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में 24 घंटे से गुल दो नंबर फीडर, भीषण गर्मी में बंद रहीं दुकानें, इंवर्टर ने भी दिया धोखा

उझानी-बदांयू 9 अगस्त।

भीषण गर्मी के बीच नगर का दो नंबर फीडर पिछले 24 घंटे से पूरी तरह ठप है। बिजली के अभाव में दुकानदार कल दिनभर पसीने में तरबतर होते रहे और शाम होते-होते मजबूरन शटर गिराकर घर लौट गए। उम्मीद थी कि रात में सप्लाई बहाल होने पर इंवर्टर चार्ज हो जाएंगे, लेकिन सुबह ताला खुलते ही इंवर्टर ने भी जवाब दे दिया। नतीजा — आज फिर आधे से ज्यादा दुकानें बंद रहीं।

कांवड़ियों की सुरक्षा के चलते बंद किए गए इस फीडर से सब्जी मंडी, कछला रोड, घंटाघर मार्केट, स्टेशन रोड, हलवाई चौक से लेकर गंजशहीदा होते हुए मंडी समिति तिराहे तक के सैकड़ों दुकानदार जुड़े हैं।

गर्मी में बिना पंखे के बैठना नामुमकिन है
कल दिन में पारा चढ़ा तो दुकानों के अंदर भट्टी जैसी गर्मी हो गई। ग्राहक तो दूर, दुकानदार खुद 2-2 घंटे में बाहर निकलकर राहत तलाशते नजर आए।
स्थानीय व्यापारी प्रदीप शर्मा ने कहा, इतनी गर्मी में बिना पंखे के एक घंटा बैठना मुश्किल है, पूरा दिन कैसे काटते। शाम को दुकान बंद कर घर गए थे कि रात में लाइट आ जाएगी। सुबह आए तो इंवर्टर भी डिस्चार्ज। अब घर की बिजली ही सही, वहां चैन से दिन कट जाएगा।

व्यापार पूरी तरह ठप होने से रोज कमाने-खाने वालों की जेब पर सीधी मार पड़ी है।

परेशान दुकानदारों ने बिजलीघर के जेई को फोन घुमाए, लेकिन उधर से न तो जवाब मिला और न ही कॉल उठी। बिजली कब आएगी, इसका कोई समय भी नहीं बताया जा रहा।

उधर, कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से फीडर बंद रखने की बात कही जा रही है, लेकिन दुकानदारों का सवाल है कि सुरक्षा जरूरी है, पर 24 घंटे से ज्यादा कटौती से कारोबार चौपट हो रहा है। कम से कम रात में कुछ घंटे की राहत तो दी जाए।

मामले की जानकारी होने पर एसडीओ प्रशांत वार्ष्णेय ने कहा, “अगर फीडर 24 घंटे से बंद है तो यह गंभीर बात है। मैं तत्काल दिखवाता हूं। कर्मचारियों को भेजकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन को भी परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा।

भीषण गर्मी बिना बिजली बंद इंवर्टर के तिहरे प्रहार से उझानी का यह पूरा बाजार क्षेत्र बेहाल है। व्यापारियों ने प्रशासन से फीडर पर वैकल्पिक व्यवस्था या सीमित समय के लिए सप्लाई बहाल करने की मांग की है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस