उझानी डाकघर में आधार के लिए सुबह 6 बजे से कतार, एक मशीन से रोज 40 लोगों का ही काम।
टोकन न मिलने से मायूस लौट रहे लोग, बैंक में भी सुविधा की मांग।
उझानी-बदांयू 6 अगस्त।
नगर के रेलवे रोड स्थित डाकघर में आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि टोकन लेने के लिए सुबह 6 बजे ही डाकघर से घंटाघर तक लंबी लाइन लग जा रही है। इसके बाद भी रोज सैकड़ों लोग बिना टोकन के वापस लौट रहे हैं।
गुरुवार को भी यही नजारा रहा। बारिश और उमस में घंटों खड़े लोग भीगते रहे। लाइन में लगे लोगों का कहना है कि वे अपने बच्चों का नया आधार और पुराने में संशोधन कराने के लिए कई दिन से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन नंबर नहीं आ रहा।
डाकघर में आधार का काम कराने की प्रक्रिया पहले टोकन से शुरू होती है। टोकन पर ही आने की तारीख लिखी होती है। उसी दिन आकर नया आधार बनता है या संशोधन होता है। परेशानी यह है कि पूरे नगर में आधार का काम सिर्फ इसी एक डाकघर में हो रहा है और यहां सिर्फ एक ही मशीन है। कर्मचारियों के मुताबिक एक दिन में 35 से 40 लोगों का ही काम निपट पाता है।
उझानी के अलावा आसपास के गांवों से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं, जिस वजह से दबाव और बढ़ गया है।
लाइन में लगे लोगों ने मांग की है कि सरकार नगर की बैंकों में भी नए आधार बनाने और संशोधन की सुविधा शुरू करे। उनका कहना है कि अगर 2-3 बैंक और सेंटर खुल जाएं तो भीड़ बंट जाएगी और लोगों को बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
अभी हालात यह हैं कि टोकन के लिए ही दिनभर की मशक्कत करनी पड़ रही है, काम की तारीख मिलने में हफ्तों लग जा रहे हैं।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
