9:28 am Monday , 3 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी-हाइवे पर सावन का सैलाब, गंगा जल लेकर भोले के भक्तों का उमड़ा जनसैलाब

उझानी-बदांयू 3 अगस्त।

सावन मास में बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। भगवान भोलेनाथ का गंगा जल से जलाभिषेक करने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में शिवभक्त कछला गंगा घाट पर कांवड़ भरने पहुंच रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार पिछले 24 घंटों में करीब 80 हजार से 1 लाख शिवभक्त कांवड़ भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं।

हालांकि गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण कांवड़ियों को स्नान करने और कांवड़ भरने में थोड़ी दिक्कतें आईं, लेकिन उनकी अटूट आस्था के आगे ये मुश्किलें बौनी नजर आईं। श्रावण के पहले सोमवार को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा गया। शनिवार से ही घाटों पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई थी और रविवार को यह अपने चरम पर पहुंच गई।

भोले के भक्त आकर्षक और सतरंगी कांवड़ सजाकर जाते दिखे। खासकर युवाओं में डाक कांवड़ का क्रेज सबसे ज्यादा रहा। हर कांवड़िये की टोली के आगे डीजे से सजे वाहन चल रहे थे, पीछे डाक कांवड़िये कांवड़ थामे चल रहे थे और साथी बाइकों पर चल रहे थे। पूरा माहौल “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से शिवमय हो उठा।

उझानी और उससे जुड़े सभी मार्ग कांवड़ियों की आवाजाही से गुलजार रहे। इसके अलावा उझानी का कांवड़ बाजार भी खरीददारों और दुकानदारों की चहल-पहल से भरा रहा।

बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए शिवभक्त उझानी-कछला मार्ग से कांवड़ भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। उझानी-बदायूं मार्ग पर लगातार कांवड़ियों की टोलियां आगे बढ़ती दिखीं और हर जुबां पर सिर्फ भोले की जय-जयकार गूंज रही थी।

गंगा घाट पर पुलिस प्रशासन की कड़ी सतर्कता रही। सीओ और पुलिस टीम घाटों पर तैनात रहीं। गंगा में बढ़ते पानी को देखते हुए श्रद्धालुओं को मुख्य धारा तक जाने से रोका गया और किनारे पर ही स्नान और कांवड़ भरने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा के लिए मुख्य धारा पर बैरिकेडिंग भी की गई।

विज्ञापन एक्सप्रेस