8:54 pm Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में अतिक्रमण हटाओ अभियान, नगर पालिका ने दुकानदारों को दिया एक और मौका

उझानी-बदांयू 30 जुलाई।

कांवड़ मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने के जिलाधिकारी के सख्त आदेश के बावजूद नगर पालिका परिषद उझानी का रवैया एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गुरुवार शाम को ईओ मणी जी सैनी के नेतृत्व में पालिका टीम ने कछला रोड से कश्यप पुलिया होते हुए कृषि उत्पादन मंडी तिराहे तक माइक लेकर सिर्फ चेतावनी देकर लौट आई।

टीम ने दुकानदारों से अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने की अपील की। कोई दुकान नहीं छेड़ी गई, न ही सामान जब्त हुआ। पालिका का यह रवैया देखकर लग रहा है जैसे प्रशासन “सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे” वाली नीति पर चल रहा है।

जिलाधिकारी ने आदेश दिया था कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले एक माह तक पूरा मार्ग अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। कछला रोड और बदायूं रोड पर दुकानों के बाहर अब भी टिन शेड, गुमटियां, ठेले और सामान पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार अभियान के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती है। अल्टीमेटम दिया जाता है, तारीख निकल जाती है, फिर सब पहले जैसा।

फिलहाल कछला रोड से कांवड़ियों का बड़ा जत्था नहीं निकला है। इक्का-दुक्का श्रद्धालु ही गंगाजल लेकर गुजर रहे हैं। लेकिन शनिवार और रविवार को भीड़ बढ़ने की पूरी संभावना है। ऐसे में अगर समय रहते रास्ता साफ नहीं हुआ तो जाम और हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

ईओ मणी जी सैनी ने कहा कि दुकानदारों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। यदि वे खुद नहीं हटाते तो आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेकिन सवाल वही है कि क्या पालिका समय रहते सख्ती दिखाएगी, या फिर कांवड़ियों के आने के बाद आनन-फानन में लाठियां चलेंगी।अभी से रास्ता खाली न हुआ तो आगे दिक्कत तय है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस