।
उझानी-बदांयू 29 जुलाई।
उझानी बाजार में आवारा सांडों के आतंक ने एक बार फिर लोगों को दहशत में डाल दिया। दो सांडों की आपसी भिड़ंत के दौरान एक सांड ने बरेली के व्यापारी को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरेली के क्यारा निवासी अन्नू गुप्ता उम्र 52 वर्ष अपने बीमार रिश्तेदार से मिलने बदायूं आए थे। सुबह बाजार से सामान लेने उझानी पहुंचे थे। चाय की दुकान के पास खड़े होने के दौरान दो सांड आपस में लड़ने लगे। बचने की कोशिश में अन्नू पीछे मुड़े ही थे कि एक अन्य सांड ने आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि अन्नू सड़क पर गिर पड़े और उनके सीने व कमर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पानी की बौछार कर किसी तरह सांडों को भगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
उझानी CHC के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि मरीज के सीने में गुम चोट के कारण सांस लेने में परेशानी थी। प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में कांवड़ियों के डीजे और धुंघरू की तेज आवाज से सांड बिदक जाते हैं। ऐसे में अगर किसी श्रद्धालु के साथ कोई हादसा हुआ तो प्रशासन के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। लोगों ने पशुपालन विभाग से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था जल्द की जाए।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
