।


कांवड़ यात्रा के चलते सड़कों से हटाया गया सामान, दुकानदार से हुई नोकझोंक।
उझानी-बदांयू 27 जुलाई।
उझानी में नगर पालिका परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान आज जारी रहा, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर सीमित ही दिखा। ईओ मणी सैनी की अगुवाई में सोमवार को कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बस स्टैंड से घंटाघर चौराहे तक सड़कों पर फैले अतिक्रमण को हटवाया गया।
अभियान के दौरान पंजाबी कॉलोनी मोड़ पर एक दुकानदार से अतिक्रमण हटाने को लेकर ईओ की तू-तू-मैं-मैं हो गई। स्थिति बिगड़ते देख ईओ की शिकायत पर पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लिया। कुछ देर समझाने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
आज टीम ने सब्जी मंडी क्षेत्र तक कार्रवाई की। यहां कई सब्जी और फल विक्रेताओं ने अपनी दुकानें सड़क तक लगा रखी थीं, जिन्हें हटाया गया। दुकानदारों में अभियान को लेकर नाराजगी भी देखी गई।
ईओ मणी सैनी ने बताया कि आज स्टाफ की कमी के कारण काम धीमा रहा। उन्होंने कहा, “कल से कछला रोड बाजार से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई फिर शुरू की जाएगी। यह अभियान तीन दिन तक चलेगा। लक्ष्य है कल्याण सिंह चौक से मंडी समिति तिराहे तक की सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराना।
ईओ ने सभी दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि वे स्वयं अपनी दुकानें निर्धारित सीमा में ले आएं। अगर दोबारा अतिक्रमण मिला तो सामान जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। इस दौरान कोतवाली पुलिस भी मौजूद रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांवड़ यात्रा और त्योहारों के समय ही प्रशासन हरकत में आता है, बाद में अतिक्रमण फिर से पनप जाता है। ऐसे में देखना होगा कि तीन दिन का यह अभियान कितना असरदार साबित होता है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
