5:18 pm Friday , 24 July 2026
BREAKING NEWS

उद्घाटन से पहले चमका उझानी स्टेशन, रविवार को लखनऊ के लिए दौड़ेगी कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस।

उझानी-बदांयू 24 जुलाई।

11 साल बाद रुहेलखंड को लखनऊ से जोड़ने वाली कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस के उद्घाटन से पहले रेलवे ने उझानी स्टेशन को चमकाना शुरू कर दिया है। रविवार 26 जुलाई को केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा हरी झंडी दिखाकर इस नई ट्रेन को रवाना करेंगे।

स्टेशन परिसर में मरम्मत, रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का काम युद्धस्तर पर चल रहा है, ताकि उद्घाटन समारोह में कोई कमी न रह जाए।

3.60 करोड़ से हुआ था कायाकल्प, अब फिनिशिंग टच।
अमृत भारत योजना के तहत पिछले साल ही उझानी स्टेशन का करीब 3.60 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प हो चुका है। लेकिन कुछ जगहों पर फर्श,टाइल्स और फॉल सीलिंग उखड़ गई थीं। उद्घाटन को देखते हुए रेलवे इंजीनियरों की देखरेख में मजदूर उन खामियों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।

स्टेशन के वाणिज्य अधीक्षक केपी सिंह ने बताया कि परिसर को पूरी तरह “चकाचक” किया जा रहा है। चर्चा है कि अगर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर समारोह में शामिल होते हैं तो स्टेशन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं।

26 जुलाई से शुरू होगा सफर, ये होगा टाइम टेबल
उद्घाटन स्पेशल 05018-26 जुलाई, दोपहर 12:00 बजे उझानी से रवाना होकर बदायूं, रामगंगा, बरेली, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिंधौली होते हुए रात 9:10 बजे ऐशबाग पहुंचेगी।
नियमित सेवा 15312- उद्घाटन के बाद यह ट्रेन रोजाना कासगंज से सुबह 4:20 बजे चलकर दोपहर 2:00 बजे ऐशबाग से वापसी करेगी और रात 10:40 बज कासगंज पहुंचेगी।

बदायूं के साथ-साथ उझानी में भी इस एक्सप्रेस का ठहराव होगा।

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के प्रयासों से पहले ही कासगंज-दिल्ली इंटरसिटी शुरू हो चुकी है। अब लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन मिलने से क्षेत्र के लोगों को बरेली जंक्शन के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उझानी और बदायूं से ही राजधानी तक सीधा सफर आसान हो जाएगा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई ट्रेन से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए लखनऊ जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।

उद्घाटन समारोह को लेकर स्टेशन पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रविवार को उझानी स्टेशन पर भीड़ और उत्साह दोनों देखने को मिलेंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस