7:29 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

संतोष कुमारी श्रवण कुमार इंटर कॉलेज में गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर

उझानी (बदायूं), 23 जुलाई ।

संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उझानी में गुरुवार को लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने दीप प्रज्ज्वलित कर और दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करके की। मंच का संचालन कक्षा 11 की छात्रा ईशा शर्मा ने किया।

छात्र-छात्राओं ने ओजस्वी भाषण और देशभक्ति से भरी कविताएं प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। वक्ताओं ने तिलक के “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है” के नारे और आज़ाद के बलिदान को याद करते हुए बताया कि कैसे इन दोनों विभूतियों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।

मुख्य वक्ता हरिहर शर्मा ने तिलक और आज़ाद के जीवन संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तिलक ने शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से राष्ट्र को जोड़ा, वहीं आज़ाद ने अपने साहस से युवाओं को आजादी की लड़ाई में कूदने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों से उन्होंने इन आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने संबोधन में कहा, “लोकमान्य तिलक और चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन हमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। देशहित को सर्वोपरि रखकर ही हम चरित्रवान और संस्कारित नागरिक बन सकते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य-आचार्या और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस