12:28 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

कछला गंगाघाट बनेगा कांवड़ यात्रा का ट्रैफिक कमांड सेंटर


बदायूं-बरेली पुलिस का संयुक्त कंट्रोल रूम करेगा निगरानी, भीड़ के हिसाब से हटेगा डायवर्जन।

उझानी-बदांयू 29 जुलाई।

कांवड़ यात्रा के दौरान इस बार कछला गंगाघाट की तस्वीर बदली-बदली नजर आएगी। यहां सिर्फ गंगाजल ही नहीं भरा जाएगा, बल्कि बरेली और बदायूं के ट्रैफिक का पूरा सिस्टम भी यहीं से चलेगा।

पहली बार बदायूं और बरेली पुलिस मिलकर कछला गंगाघाट पर संयुक्त कंट्रोल रूम बना रही है। यहीं से कांवड़ियों की आवाजाही पर पल-पल नजर रखी जाएगी और उसी के आधार पर बरेली में ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर फैसला लिया जाएगा।

कछला पर जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं में सबसे ज्यादा संख्या बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत रूट से आती है। अब तक दिक्कत ये थी कि बरेली पुलिस को सटीक जानकारी नहीं मिल पाती थी कि कितने कांवड़िए घाट तक पहुंचे और कितने वापस लौट गए।

जानकारी के अभाव में कई बार डायवर्जन जरूरत से ज्यादा देर तक लागू रहता था। इससे आम जनता और जरूरी सेवाओं को परेशानी झेलनी पड़ती थी। नए सिस्टम से हर पल की अपडेट मिलेगी, जिससे डायवर्जन को समय से हटाया जा सकेगा।

पिछले सालों में कई बार ऐसा हुआ कि बदायूं पुलिस ने भीड़ कम होने पर एंबुलेंस और जरूरी वाहनों को बरेली की ओर रवाना कर दिया, लेकिन वहां पहले से जानकारी न होने के कारण उन्हें फिर डायवर्जन वाले रास्ते पर भेज दिया गया।

संयुक्त कंट्रोल रूम बनने से अब दोनों जिलों के बीच सीधा तालमेल रहेगा। बदायूं और बरेली के अधिकारी एक साथ बैठकर स्थिति का आकलन करेंगे।

संयुक्त कंट्रोल रूम में दोनों जिलों का पुलिस स्टाफ तैनात रहेगा। बरेली से आए दरोगा और पुलिसकर्मी लगातार बताएंगे कि कितने कांवड़िए रवाना हुए, घाट पर कितना दबाव है और डायवर्जन कब तक रखना है।
भीड़ कम होते ही उसी हिसाब से यातायात में बदलाव कर दिया जाएगा। इमरजेंसी वाहनों की आवाजाही पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।

एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने बताया कि बेहतर समन्वय और यातायात प्रबंधन के लिए ये व्यवस्था लागू की गई है।
वहीं डीआईजी बरेली रेंज ए.के. साहनी ने कहा कि बदायूं से गुजरने वाले एक्सप्रेसवे पर किसी भी कांवड़िए या कांवड़ वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी श्रद्धालुओं को केवल निर्धारित कांवड़ मार्ग से ही यात्रा करनी होगी।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस