।

निर्माणाधीन अंडरपास बना मौत का जाल! गड्ढे में गिरा युवक, रेलवे की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।
उझानी, बदायूं 28 जुलाई ।
उझानी रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन अंडरपास के पास लापरवाही की वजह से सोमवार रात को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माण स्थल के पास बने एक खुले गड्ढे में अढौली निवासी युवक पप्पू साहू गिर गया।
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद लकड़ी की सीढ़ी डालकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस को दिए बयान में पप्पू साहू ने बताया कि वह उझानी से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन स्थल के पास अंधेरे और खुले गड्ढे की वजह से वह सीधा उसमें जा गिरा।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे पशु-पक्षी प्रेमी श्याम शर्मा ने रेलवे विभाग की घोर लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड न होने से भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने राहत की सांस लेते हुए कहा कि शुक्र है गड्ढे में कोई बच्चा नहीं गिरा।
इस संबंध में रेलवे के वाणिज्य कर अधीक्षक के. पी. सिंह ने बताया कि अंडरपास का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गड्ढा खुला कैसे रह गया, इसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से गड्ढे को तुरंत ढकवा दिया गया है ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण पूरा होने तक स्थल पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
