4:34 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी के बुध बाजार में सुरक्षा गायब, पार्किंग के नाम पर 10 रुपये की अवैध वसूली जारी

उझानी-बदांयू 29 जुलाई।

उझानी स्थित रामलीला ग्राउंड में हर बुधवार को लगने वाले ऐतिहासिक बुध बाजार में सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं, लेकिन वसूली सब कुछ है। यहां सुरक्षा, सफाई और लाइट का कोई इंतजाम नहीं है, फिर भी ठेकेदार के लोग बाइक, स्कूटी और ई-रिक्शा से 10-10 रुपये पार्किंग शुल्क वसूल रहे हैं।

सदियों से चला आ रहा बुध बाजार कपड़े, बर्तन, घरेलू सामान और खाने-पीने की दुकानों के लिए दूर-दराज के गांवों की पहचान है। हर हफ्ते हजारों लोग यहां खरीदारी करने पहुंचते हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार का ठेका श्री कामधेनु गौशाला कमेटी रजि. से लेने वाले ठेकेदार ने बिना अनुमति के अवैध पार्किंग शुरू कर दी है। बुधवार को जब लोगों से जबरन पैसे मांगे गए तो जमकर विरोध हुआ। वसूली कर रहे कारिंदों से खरीदारों की तू-तू-मैं-मैं भी हुई।

जब बाजार में एक भी सिक्योरिटी गार्ड नहीं है, सीसीटीवी नहीं है, फिर पार्किंग के पैसे किस बात के? खरीदारों ने सवाल उठाया। गुस्साए लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पार्किंग के नाम पर हो रही इस अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए।

मामले में कामधेनु गौशाला कमेटी के अध्यक्ष रतनकुमार जिंदल का कहना है, “हमने सिर्फ बाजार लगाने का ठेका दिया है। अगर ठेकेदार के लोग पार्किंग ले रहे हैं तो यह गलत है। हम बात करके इसे बंद कराएंगे।

प्रशासन से लोगों की मांग है कि या तो पार्किंग की अधिकृत रसीद के साथ सुविधा दी जाए, या फिर इस अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाकर बाजार में बुनियादी सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस