।
उझानी-बदांयू 31 जुलाई।
सावन माह की शुरुआत के साथ ही उझानी की मंडियों और फुटकर बाजारों में फलों की मांग अचानक बढ़ गई है। व्रत और पूजा-पाठ के चलते केला, सेब, अमरूद सहित अन्य फलों की खरीदारी तेज हो गई है। बढ़ती मांग का असर कीमतों पर भी साफ दिख रहा है।
फल कारोबारियों का कहना है कि सावन में बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं, जिस कारण फलों की खपत सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। उझानी मंडी में इस समय सबसे अधिक मांग केला, सेब और अमरूद की है।
मंडी के आम विक्रेता सतीश ने बताया कि आम का सीजन खत्म होने की ओर है, इसके बावजूद मांग बनी हुई है। मंडी में आम 40-70 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में यह 80-100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है।
दुकानदार अनिल के अनुसार पपीता 45-60 रुपये किलो बिक रहा है। उनका कहना है कि यदि आवक सामान्य रही तो कीमतों में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी।
खरीदार सोनम ने कहा कि धार्मिक आस्था के कारण बढ़ी कीमतों के बावजूद फल खरीदने पड़ रहे हैं।
मंडी के बाहर फल बेच रहे फुटकर विक्रेता अहमद ने बताया कि अभी उझानी में केला 60-70 रुपये प्रति दर्जन, अनार 160 रुपये किलो, अमरूद 40 से 50 रुपये किलो, अनन्नास 100 रुपये किलो और सेब 200 से 250 रुपये किलो बिक रहा है।
कुल मिलाकर सावन के चलते उझानी के बाजारों में फल व्यापारियों की अच्छी बिक्री हो रही है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
