2:16 pm Wednesday , 5 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी अंधेरे में डूबा: 4 दिन से बिजली का संकट, विभाग के बहाने खत्म, जनता का सब्र जवाब दे गया

उझानी, बदायूं 5 अगस्त।

शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पिछले 4 दिन से कटौती का सिलसिला ऐसा कि पूछिए मत। मंगलवार को तो हद हो गई, शहर के 90% हिस्सों में सुबह से रात तक बिजली नदारद रही। रात डेढ़ बजे जब लोग सो चुके थे तब कहीं जाकर लाइन आई।और बुधवार सुबह होते ही फिर वही कहानी। बटन दबाते ही अंधेरा।

ओवरलोड, फाल्ट, तार टूटा” विभाग की रटी-रटाई लोरी
शिकायत करने जाओ तो जवाब एक ही।
ओवरलोड है। लोकल फाल्ट है। तार टूट गया है।
इतना ही नहीं, आसमान में काले बादल दिखते ही बिजली खुद गायब हो जाती है। मानो बिजली और बारिश का आपस में 4 दिन का करार हुआ हो।

जनता त्राहि-त्राहि, कारोबार ठप
गर्मी, उमस, मच्छर और अंधेरा। बच्चे पढ़ नहीं पा रहे, मरीज परेशान हैं, दुकानदारों का काम ठप है। इन्वर्टर की बैटरी भी अब दम तोड़ चुकी है। 24 घंटे में 3-4 घंटे बिजली नसीब हो जाए तो गनीमत है।

एक मोहल्ले की महिला ने गुस्से में कहा बिल समय पर चाहिए, लेकिन बिजली? वो तो भगवान भरोसे है।

जिम्मेदार कौन?
बिजली विभाग के अधिकारी कैमरे के सामने काम चल रहा है कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। हकीकत ये है कि जर्जर तार, घटिया ट्रांसफार्मर और बिना प्लानिंग का लोड बढ़ाना ही इस बदहाली की जड़ है।

नगरवासियों का सब्र टूट चुका है। व्यापार मंडल और युवा संगठनों ने चेतावनी दी है कि 48 घंटे में व्यवस्था नहीं सुधरी तो बिजली घर पर प्रदर्शन किया जाऐगा।

नगर की जनता का कहना है ,टैक्स हम देंगे, बिल हम भरेंगे, और अंधेरे में जीने को भी हम ही मजबूर होंगे?

विज्ञापन एक्सप्रेस