3:19 pm Saturday , 8 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं – ई-रिक्शा की टक्कर से मासूम घायल, मेदांता में चल रहा इलाज

बदायूं – ई-रिक्शा की टक्कर से मासूम घायल, मेदांता में चल रहा इलाज।

सिविल लाइन क्षेत्र की घटना, पिता ने कोतवाली में दी तहरीर।

बदांयू 8 अगस्त।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। पीड़ित परिवार ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार एफ.सी.आई. गोदाम, बुद्धविहार कॉलोनी, अलापुर रोड निवासी अंकित पुत्र राजाराम ने बताया कि वह 6 अगस्त की शाम अपनी ससुराल आरिफपुर नवादा से घर लौट रहे थे। घर के पास स्कूटी खड़ी कर वह पत्नी आशा और बेटी डुग्गु के साथ वेस्ट वैल्यू मार्ट के पास घरेलू सामान खरीदने रुके थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ई-रिक्शा चालक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बेटी डुग्गु गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल को तुरंत सिविल लाइन स्थित नर्सिंग-होम ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की हालत गंभीर बताते हुए उसे बरेली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डुग्गु आई.सी.यू. में उपचाराधीन है।

पीड़ित अंकित ने 7 अगस्त कोतवाली सिविल लाइन में तहरीर देकर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि लापरवाही से वाहन चलाने के कारण उनकी बेटी जख्मी हुई है।

थानाध्यक्ष के निर्देश पर मामले की जांच उपनिरीक्षक/अवर निरीक्षक आकाश तोमर को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस