बदायूं – शराब कारोबारी के घर नकाबपोश बदमाशो ने 38 हजार नकद और 4 लाख के जेवर लूटे
।
बदांयू 8 अगस्त।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गनियाई गांव में शुक्रवार देर रात असलहों से लैस पांच नकाबपोश बदमाशों ने शराब कारोबारी के घर धावा बोलकर जमकर लूटपाट की। बदमाश परिवार को बंधक बनाकर 38 हजार रुपये नकद और करीब 4 लाख रुपये कीमत के जेवरात लूट ले गए। जाते समय बदमाशों ने दो फायर भी किए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गनियाई गांव निवासी अमर सिंह देसी शराब का ठेका चलाते हैं। गांव में उनका टेंट का कारोबार भी है। अमर सिंह के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 12 बजे पांच नकाबपोश बदमाश दरवाजे के रास्ते घर में दाखिल हुए। सभी के पास असलहे थे। बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया।
अमर सिंह की पत्नी तारावती ने बताया कि बदमाशों के घर में घुसने की उन्हें भनक तक नहीं लगी। बदमाशों ने उन्हें जगाया और पहने हुए जेवर उतरवाने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने अमर सिंह के साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश करीब 38 हजार रुपये नकद और 4 लाख रुपये कीमत के जेवरात लेकर फरार हो गए।
परिवार के अनुसार घर से निकलने के बाद बदमाशों ने भागते समय दो फायर किए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गोलियों की आवाज से गांव में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के साथ आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। शनिवार सुबह पुलिस ने परिवार के सदस्यों को थाने बुलाकर उनके बयान दर्ज किए।
एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रथमदृष्टया पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है। शुरुआती जांच में ओवररेट शराब बिक्री को लेकर विवाद का एंगल भी सामने आया है। मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस सभी कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

