3:17 pm Saturday , 8 August 2026
BREAKING NEWS

ननाखैडा में गंदा पानी से सड़क लबालब, राहगीर परेशान, आवागमन ठप

ननाखैडा में गंदा पानी से सड़क लबालब, राहगीर परेशान, आवागमन ठप।

नाले की सफाई नहीं, सैकड़ों गांवों का संपर्क मार्ग बना दलदल।

उझानी-बदांयू 8 अगस्त।

विकास खंड उझानी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ननाखैड़ा गांव में नाला चोक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। प्रशासन की लापरवाही के चलते पिछले कई दिनों से सड़क पर गंदगी और कीचड़ जमा है, जिससे हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग कटरी इलाके का इकलौता संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से सरोता, मुस्कारा, मडैया, तेलीनगला, पचौरीनगला, गुलावगंज, गनियाई, भदरौल, भूड़, कुडाशाहपुर ,भकौडा कुरखैडा ,मुशाहिदपुर सहित सैकड़ों गांवों के लोग रोजाना आते-जाते हैं। दिल्ली के लिए चलने वाली प्राइवेट बसें भी इसी मार्ग से गुजरती हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े वाहनों की तेज रफ्तार से गंदा पानी उछलकर बाइक सवारों और पैदल यात्रियों को भिगो देता है। पशु चराने वाले और दुपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।

भूड़ा गांव के पास लगभग 1 किलोमीटर लंबाई में सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। जगह-जगह 1 फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई जगह मार्ग उबड़-खाबड़ होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ग्रामवासियों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक नाले की सफाई और सड़क मरम्मत नहीं हुई है। कादर चौक कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष सत्यवीर सिंह यादव ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सड़क सही कराने की गुहार लगाई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस