उझानी: बारिश से दलदल बना बसौमा रोड, मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्राली फंसी, जाम में फंसे स्कूली बच्चे और श्रद्धालु।
उझानी-बदांयू 6 अगस्त।
उझानी नगर के लिंक रोड पर स्थित पं. भगवान दास पैलेस से बसौमा रोड रेलवे के अंडरपास तक बारिश के बाद सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गई है। बृहस्पतिवार दोपहर यहां मक्का लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली गड्ढे में फंस गई। उसे निकालने पहुंचा दूसरा ट्रैक्टर भी दलदल में धंस गया।
दोनों वाहन करीब दो घंटे तक बीच सड़क पर फंसे रहे, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
जाम के कारण स्कूल से लौट रही कई वैन और चुलकाना धाम दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। वैन में बैठे छोटे-छोटे बच्चे घंटों तक जाम में फंसे रहे। वहीं धाम से वापस आ रहे लोगों को पैदल ही कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से दोनों ट्रैक्टरों को बाहर निकलवाया। तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
बसौमा के ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बारिश में यहां आए दिन बाइक फिसलने से हादसे होते हैं। कई लोग अब तक घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उझानी से बसौमा जाने वाले इस मार्ग को अंडरपास तक तत्काल सही कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
राजेश वार्ष्णेय एमके






badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
