8:30 pm Thursday , 6 August 2026
BREAKING NEWS

नजरबंदी के बाद मैदान में उतरे अजीत यादव, दातागंज में शुरू किया बाढ़ मुक्ति अभियान

बदायूं: कांग्रेस ने दातागंज क्षेत्र को बाढ़ मुक्त बनाने की मांग को लेकर अपना बाढ़ मुक्ति अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत रामगंगा नदी के किनारे स्थायी समाधान, तटबंध निर्माण, कटान प्रभावित गांवों की सुरक्षा तथा हजरतपुर मुख्य मार्ग को जलभराव से मुक्त कराने की मांग उठाई जा रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बताया कि इन मांगों को लेकर बुधवार को हजरतपुर पुल पर धरने का ऐलान किया गया था, लेकिन धरने से पहले उन्हें हर्रामपुर गांव से पुलिस ने हिरासत में लेकर बदायूं के नेकपुर स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया।

गुरुवार सुबह अजीत यादव हजरतपुर पहुंचे और हर्रामपुर, गढ़ी, लालपुर, कुंडरा मझरा, चकवा और पिपला सहित आधा दर्जन गांवों में बाढ़ मुक्ति अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पुलिस के बल पर जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है तथा विपक्ष को जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने से रोका जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में दातागंज क्षेत्र को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। रामगंगा के दोनों किनारों पर हर वर्ष आने वाली बाढ़ से दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क महीनों तक बाधित रहता है, खेतों में पानी भर जाने से फसलें नष्ट हो जाती हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित होती है।

अजीत यादव ने कहा कि कांग्रेस दातागंज क्षेत्र की बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मानपुर से सिमरिया तथा रूपपुर से भाऊ नगला तक करीब 30 किलोमीटर लंबे तटबंध के निर्माण की मांग दोहराते हुए कहा कि इस मुद्दे पर आंदोलन जारी रहेगा।

अभियान में कांग्रेस जिला सचिव मंजेश यादव, अरविंद, संतोष, सतेंद्र यादव, जतन सिंह, गजेंद्र सिंह, नेम सिंह, ओमपाल सिंह, सोरन सिंह, योगेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस