बदायूं
उसावां फ्लेक्सी विवाद में नया मोड़: अर्जुन कश्यप ने समझौते का किया ऐलान, कहा- “बहकावे में आकर दी थी तहरीर”
केशव गुप्ता
बदायूं/उसावां। उसावां नगर पंचायत में 4 अगस्त को कटआउट एवं फ्लेक्सी को लेकर हुए विवाद के मामले में नया मोड़ आ गया है। वार्ड नंबर-11 निवासी अर्जुन कश्यप ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि उनका नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह के प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह के साथ आपसी समझौता हो गया है और अब वह इस मामले में किसी प्रकार की आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।
गौरतलब है कि 4 अगस्त को उसावां नगर पंचायत में कटआउट एवं फ्लेक्सी को लेकर हुए विवाद के बाद अर्जुन कश्यप ने नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह के प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ उसावां थाने में गाली-गलौज सहित अन्य आरोपों को लेकर तहरीर दी थी।
अब जारी किए गए वीडियो में अर्जुन कश्यप ने कहा, “मेरा नाम अर्जुन कश्यप है। मैं वार्ड नंबर-11, कस्बा उसावां का निवासी हूं। धर्मेंद्र के खिलाफ जो तहरीर मैंने थाने में दी थी, उस मामले में अब हमारा आपसी समझौता हो गया है। हम आगे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। हम कुछ लोगों के बहकावे में आ गए थे, जिसके चलते यह कदम उठाया था।”
अर्जुन कश्यप के इस बयान के बाद पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यदि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन चुकी है, तो आगे की कार्रवाई कानून एवं पुलिस की प्रक्रिया के अनुसार होगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
