बदायूं
जंगली सूअर के हमले में किसान घायल, भाकियू (जनशक्ति) ने मुआवजा और सुरक्षा की उठाई मांग
केशव गुप्ता
बिसौली के नागपुर गांव में खेत पर काम के दौरान हुआ हमला, वन विभाग से विशेष अभियान चलाने की मांग
बदायूं। थाना बिसौली क्षेत्र के ग्राम नागपुर में खेत पर गए किसान रामकिशोर (40) पर जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन (जनशक्ति) के जिलाध्यक्ष चौ. सचिन बाबू अपनी टीम के साथ घायल किसान का हालचाल जानने पहुंचे। उनके साथ वरिष्ठ संगठन मंत्री महावीर शर्मा, कोषाध्यक्ष सुमित कुमार तथा ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास भी मौजूद रहे।
इस दौरान भाकियू (जनशक्ति) नेताओं ने प्रशासन से घायल किसान को तत्काल आर्थिक सहायता, बेहतर उपचार और नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जंगली सूअरों का बढ़ता आतंक किसानों की जान और उनकी फसलों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। आए दिन किसान खेतों में हमलों का शिकार हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
किसान नेताओं ने वन विभाग से विशेष अभियान चलाकर जंगली सूअरों के आतंक से किसानों को राहत दिलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की सुरक्षा और मुआवजे के संबंध में शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भारतीय किसान यूनियन (जनशक्ति) किसानों के हित में लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
