ककराला नगर पालिका की बड़ी लापरवाही, सौत नदी बनी कचरा घर; ग्राम प्रधान की शिकायत पर एडीएम ने दिए सफाई के निर्देश
ककराला (बदायूं)। ककराला नगर पालिका की कथित लापरवाही के चलते सौत नदी में बड़े पैमाने पर कचरा डाले जाने का मामला सामने आया है। नदी में लगातार कूड़ा फेंके जाने से प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ग्राम प्रधान ने अपर जिलाधिकारी (एडीएम) से शिकायत की। शिकायत के बाद एडीएम ने नगर पालिका परिषद ककराला के अधिशासी अधिकारी को तत्काल सौत नदी से कचरा हटवाने और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में लगातार कचरा डाले जाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और दुर्गंध के कारण आसपास के ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नदी से कचरा हटाने के साथ ही नियमित निगरानी कराई जाएगी, ताकि सौत नदी को प्रदूषण मुक्त रखा जा सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
