कांवड़ियों की जान से खिलवाड़! जर्जर सड़क पर गुजरने को मजबूर हजारों श्रद्धालु, कब जागेगा प्रशासन?

कुंवरगांव संवाददाता
कुंवरगांव, बदायूं। सावन माह की कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है और हजारों श्रद्धालु कछला गंगा घाट से जल लेकर इसी मार्ग से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद कुंवरगांव की मुख्य सड़क बदहाल हालत में पड़ी है। शनि मंदिर से साप्ताहिक बाजार, थाना परिसर और मुख्य चौराहे तक करीब चार किलोमीटर लंबा मार्ग गहरे गड्ढों, उखड़ी सड़क, बाहर निकली बजरी और जलभराव से भरा हुआ है। ऐसे में हर गुजरते श्रद्धालु के सामने हादसे का खतरा मंडरा रहा है।
इसी मार्ग से गौरीशंकर गुलड़िया, अलीगंज, राजपुरा कला, अनुरुद्धपुर, रामनगर और आंवला सहित कई क्षेत्रों के हजारों कांवड़िये प्रतिदिन आवाजाही कर रहे हैं। बरसात के बाद सड़क की हालत और बिगड़ गई है। गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालक और पैदल श्रद्धालु लगातार फिसलने और दुर्घटना का जोखिम उठा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। कांवड़ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन के दौरान भी सड़क की बदहाली लोगों में नाराजगी का कारण बनी हुई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही संबंधित विभाग और प्रशासन की नींद खुलेगी? क्षेत्रवासियों ने तत्काल सड़क की मरम्मत कर कांवड़ियों और आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
