बदायूं। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से पूरी तरह बेखबर है।
आशीष यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण हैं और जनता बदलाव चाहती है। उनका दावा था कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ काम करेंगे तो आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनाव की रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा की गई।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
