बदायूं
पटना चौराहे की बदहाल सड़क और जाम से नाराज़ राष्ट्रीय बजरंग दल, थानाध्यक्ष कलान को सौंपा एसडीएम के नाम ज्ञापन
केशव गुप्ता
उसावां/बदायूं। राष्ट्रीय बजरंग दल उसावां के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पटना चौराहे पर थानाध्यक्ष कलान को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की जर्जर सड़क और लगातार लगने वाले जाम की समस्या से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि काली मंदिर से पटना चौराहे तक सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं सड़क किनारे उगी झाड़ियां और कांटेदार झाड़ सड़क को संकरा बना रही हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और राहगीरों को आवागमन में कठिनाई होती है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मांग की कि काली मंदिर से पटना चौराहे तक सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, सड़क किनारे उगी झाड़ियों और कांटेदार पौधों की सफाई कराई जाए तथा जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
इस दौरान अतुल बजरंगी, सूरज बजरंगी, ऋतिक बजरंगी सहित राष्ट्रीय बजरंग दल के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। थानाध्यक्ष कलान ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे संबंधित अधिकारी तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
