12:11 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में गंगा का जलस्तर बढ़ने की आशंका, तटीय इलाकों के लिए हाई अलर्ट जारी

बदांयू 29 जुलाई।

पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश और ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज की सफाई के लिए छोड़े गए अतिरिक्त पानी के कारण बदायूं जिले में गंगा के तटीय इलाकों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

सिंचाई विभाग के अनुसार बैराज से छोड़ा गया पानी 30 जुलाई तक जिले की सीमा तक पहुंच जाएगा। इससे गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने की पूरी आशंका है।

सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा सुबह 8 बजे जारी बुलेटिन में बताया गया कि कछला ब्रिज पर जलस्तर में सोमवार के मुकाबले 7 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई थी।
सुबह 11 बजे अधीक्षण अभियंता सिंचाई ने पशुलोक बैराज से पानी छोड़े जाने की पुष्टि की। उन्होंने राहत और बचाव तैयारियों में किसी तरह की चूक न बरतने के कड़े निर्देश दिए।

इसके तुरंत बाद सिंचाई विभाग अलर्ट मोड में आ गया। तटीय गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सूचित किया गया है। प्रशासन ने गंगा किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

बैराजों से पानी का डिस्चार्ज

– हरिद्वार बैराज: 60303 क्यूसेक
– बिजनौर बैराज: 41144 क्यूसेक
– नरौरा बैराज: 46443 क्यूसेक
– कछला ब्रिज: 161.88 मीटर

अधिशासी अभियंता सिंचाई ने कहा, पशुलोक बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। 30 जुलाई को इसका असर दिखेगा। घबराने की बात नहीं है लेकिन सतर्कता जरूरी है। लोग गंगा किनारे न जाएं।

फिलहाल प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस