बदायूं
खेत की पैमाइश के बाद बढ़ा विवाद, दंपति से मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। थाना उसावां क्षेत्र के ग्राम रिठिया में खेत की पैमाइश के बाद जमीन का विवाद तूल पकड़ गया। पीड़ित पक्ष ने गांव के चार लोगों पर खेत में घेरकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा पत्नी के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रिठिया निवासी नन्हें पुत्र आमीन ने थाना उसावां में दी गई तहरीर में बताया कि उसके खेत को लेकर गांव के असलम पुत्र नबी मोहम्मद से जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि 29 जुलाई 2026 को खेत की पैमाइश होने के बाद पैमाइश टीम के लौटते ही असलम, सद्दाम, इजादनबी तथा मुर्तजा ने खेत पर घेर लिया और लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित का कहना है कि जब वह शिकायत करने थाना पहुंचा तो उसकी पत्नी मीना उसे देखने खेत पर पहुंची, जहां आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
पीड़ित ने थाना पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
