बदायूं। गुड्डो लॉन, अलापुर रोड पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति बेसिक शिक्षक महासभा (पंजी.) उत्तर प्रदेश की ब्लॉक जगत शाखा के तत्वावधान में खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह हर्षोल्लास और भावुक वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक सोनपाल सिंह (सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक) ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नवीन कुमार (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बदायूं) एवं विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. सुनील कुमार (ए.एन.डी. डिग्री कॉलेज, सीतापुर) ने तथागत गौतम बुद्ध एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान “शिक्षित करो, संघर्ष करो, संगठित करो” के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद सेवानिवृत्त हो रहे खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा को लगभग 15 किलो की भव्य पुष्पमाला पहनाई गई तथा शॉल, स्मृति चिह्न एवं विभिन्न उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में वरिष्ठ शिक्षाविदों एवं महासभा के पदाधिकारियों ने श्री वर्मा के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम बिलाटिया ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
