3:14 pm Wednesday , 5 August 2026
BREAKING NEWS

जर्जर बिजली लाइन और कटौती से भड़के ग्रामीण, उसहैत विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर नई केबल डालने की उठाई मांग

बदायूं

जर्जर बिजली लाइन और कटौती से भड़के ग्रामीण, उसहैत विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर नई केबल डालने की उठाई मांग

केशव गुप्ता

उसहैत (बदायूं)। खेड़ा जलालपुरपुख़्ता गांव में लगातार बिजली संकट, जर्जर विद्युत लाइन और कथित लापरवाही से नाराज दर्जनों ग्रामीणों ने बुधवार को उसहैत विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने अवर अभियंता रामकिशोर श्रीवास्तव को मांगपत्र सौंपते हुए जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। साथ ही गांव की विद्युत सप्लाई केबल और तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव निवासी खुर्शीद की पत्नी जर्जर सप्लाई केबल गिरने से बाल-बाल बच गईं। अचानक केबल गिरने से वह घबराकर जमीन पर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल उसहैत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य हुई। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुधार न होने पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गांव के एक खंभे से टूटी विद्युत लाइन कई दिनों से जमीन पर पड़ी है, जिससे करीब 200 से 250 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित है। उनका यह भी आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने संबंधित लाइनमैन पर केबल ठीक करने के बदले रुपये मांगने तथा पैसे न देने पर बिजली आपूर्ति बहाल न करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
प्रदर्शन में हरिओम, पंकज, आनंद, शीशराम, विजय कुमार, संतोष कुमार, शिवम चौहान, आरिफ, अमित कुमार, वीरपाल, अवधेश कुमार सहित दर्जनों उपभोक्ता मौजूद रहे। सभी ने विभाग से जर्जर तारों को बदलने, नई सप्लाई केबल डलवाने तथा गांव की बिजली व्यवस्था को शीघ्र सुचारू करने की मांग की।
अवर अभियंता रामकिशोर श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों का शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि वह विद्युत टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारू कराई जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस