12:44 pm Thursday , 6 August 2026
BREAKING NEWS

जनेश्वर मिश्र जयंती पर सपा ने संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

बिल्सी के कछला रोड स्थित हाजी बिट्टन की कोठी हुई बैठक
बिल्सी। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक बुधवार को नगर के कछला रोड स्थित पूर्व विधायक हाजी बिट्टन की कोठी पर आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत सपा के संस्थापक सदस्य एवं ‘छोटे लोहिया’ पंडित जनेश्वर मिश्र की जयंती मनाकर की गई। नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक हाजी बिट्टन ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव अब अधिक दूर नहीं है। ऐसे में सभी कार्यकर्ता अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने में जुट जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा व्यवस्था से बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के समर्थन से समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
पार्टी के नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष देवेंद्र गौतम और नगर अध्यक्ष दीपक शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का भरोसा जताया। अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर हाजी बिट्टन अली, सर्वेश यादव, देवेंद्र गौतम, दीपक शर्मा, भूपेंद्र दिवाकर, चेतन यादव, मुकेश सोलंकी, डॉ. संजीव तिवारी, बादाम सिंह यादव, सोमवीर यादव, वीरेंद्र कश्यप, राजवीर यादव, वसीम प्रधान, मुवीन फरीदी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस