बिल्सी। बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के घंगोसी गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुूरू कर दी है।
घंगोसी गांव निवासी सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि जमीन के हिस्से-बंटवारे के विवाद में उनके सौतेले भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उनके घर पर लाठी-डंडो से हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। मारपीट में सुरेश कुमार, उनकी पत्नी पार्वती और बेटी विनीता घायल हो गए। घटना के बाद सुरेश कुमार ने बिल्सी थाना पुलिस को शिकायत दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए बिल्सी के सरकारी अस्पताल भेजा। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित सुरेश कुमार का आरोप है कि उनकी पत्नी पार्वती के सिर में गंभीर चोट लगी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
