हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल किया रेफर
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव वधौली के जंगल में रविवार को ट्यूबवेल की बिजली लाइन ठीक करते समय एक संविदा पर तैनात लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। तेज झटके से वह बिजली के पोल से नीचे धान के खेत में गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार तहसील क्षेत्र के गांव सहसपुर निवासी जयसिंह नागरझूना उपकेंद्र पर संविदा पर लाइनमैन है। जो रविवार की क्षेत्र के गांव वधौली के एक ट्यूबवेल की बिजली लाइन में आई खराबी को दूर करने के लिए पोल पर चढ़कर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया, जिससे उन्हें जोरदार झटका लगा और वह संतुलन खोकर पोल से नीचे धान के खेत में जा गिरे। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और घायल लाइनमैन को खेत से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी बिल्सी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी जुटाई।
इधर एसडीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि घायल हुए लाइनमैन का उपचार के बाद ठीक हो गया और वह अपने घर पर भी आ गया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
