बिल्सी। झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस से लोग बेहाल थे, लेकिन आज हुई बारिश के बाद तापमान में करीब तीन से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। इससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, बारिश नगर की व्यवस्थाओं की पोल भी खोल गई। वर्षा के बाद नगर पालिका बाजार, बिजलीघर रोड, खैरी बस स्टैंड समेत कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल गया, जिससे फिसलन बढ़ने के साथ यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करते हुए कहा कि हर वर्ष बारिश में ही ऐसी स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। नगर पालिका के ईओ वेदप्रकाश यादव ने बताया कि बरसात के बाद निचले स्थानों पर जलभराव की समस्या होना आम बात है। कुछ ही देर में जलभराव की समस्या स्वत: खत्म हो जाती है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
