9:24 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

लो वोल्टेज से त्रस्त बनबौसारी के ग्रामीण पहुंचे विधायक के दरबार, जर्जर केबल बदलवाने की उठाई मांग

बदायूं

लो वोल्टेज से त्रस्त बनबौसारी के ग्रामीण पहुंचे विधायक के दरबार, जर्जर केबल बदलवाने की उठाई मांग

केशव गुप्ता

उसावां। क्षेत्र के ग्राम बनबौसारी में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने विद्युत अधिकारियों पर शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों पुरानी विद्युत केबल जर्जर हो चुकी है, जिसके चलते आए दिन फाल्ट होते रहते हैं और पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पाता। इसका सीधा असर घरेलू और कृषि कार्यों पर पड़ रहा है। लो वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर, पानी की मोटर सहित अन्य विद्युत उपकरण ठीक से संचालित नहीं हो पा रहे हैं, वहीं किसानों को सिंचाई के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने विधायक से मांग की है कि गांव की पुरानी विद्युत केबल को तत्काल बदलवाकर नई केबल डलवाई जाए, जिससे बार-बार होने वाले फाल्ट और लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
उधर, राष्ट्रीय बजरंग दल, बनबौसारी इकाई ने भी विधायक को अलग से ज्ञापन सौंपते हुए गांव की विद्युत व्यवस्था में सुधार, जर्जर केबल बदलवाने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद विद्युत विभाग उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस