बदायूं
दातागंज विधानसभा में स्व. रामपाल सिंह मेमोरियल खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, विधायक बब्बू भइया बोले— खेलों से बनता है सशक्त और अनुशासित युवा
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। दातागंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित स्व. रामपाल सिंह मेमोरियल विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को विकासखंड उसावां के उदैया नगला मार्ग स्थित राजकीय महाविद्यालय के निकट खेल मैदान में भव्य रूप से हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भइया’ ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह में विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास का मजबूत आधार हैं। खेल व्यक्ति में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होती हैं।
विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार खेलो इंडिया, फिट इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के अनुरूप दातागंज विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राहुल कुमार लोधी, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओपी सिंह, पूर्व चेयरमैन धीरेन्द्र गुप्ता सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। आयोजन स्थल पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी मौजूदगी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
