11:22 pm Friday , 24 July 2026
BREAKING NEWS

जल जीवन मिशन की टंकी से दो बैटरियां चोरी, नाबालिग से चौकीदारी कराए जाने पर उठे सवाल

बदायूं

जल जीवन मिशन की टंकी से दो बैटरियां चोरी, नाबालिग से चौकीदारी कराए जाने पर उठे सवाल

केशव गुप्ता

उसावां। थाना क्षेत्र के गांव अहमदनगर रुखाड़ा में हर घर जल-हर घर नल योजना के तहत निर्मित जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से गुरुवार रात अज्ञात चोर दो बैटरियां चोरी कर ले गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर जल जीवन मिशन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है तथा जल्द चोरी का खुलासा करने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार, टंकी की चौकीदारी के लिए गांव निवासी सहसपाल की नियुक्ति की गई थी। शुरुआती दिनों में वह स्वयं ड्यूटी करता था, लेकिन रोजी-रोटी कमाने के लिए दिल्ली चले जाने के बाद उसकी जगह उसका नाबालिग बेटा टंकी की चौकीदारी करने लगा। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर टंकी परिसर से दो बैटरियां चोरी कर लीं।
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ एक गंभीर सवाल भी खड़ा कर दिया है। जब शासन और श्रम विभाग लगातार बाल श्रम पर रोक लगाने के लिए अभियान चला रहे हैं, तब चौकीदारी जैसे जिम्मेदारी वाले कार्य में एक नाबालिग से ड्यूटी कैसे कराई जा रही थी? स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग समय रहते इस व्यवस्था पर ध्यान देता, तो शायद चोरी जैसी घटना को रोका जा सकता था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरी करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, नाबालिग से चौकीदारी कराए जाने के मामले में भी संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। अब देखना यह होगा कि चोरी के साथ-साथ इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर भी कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस