बदायूं
भक्ति और श्रद्धा से गूंजा उसावां: श्रीमद्भागवत कथा के उपलक्ष्य में मां काली एवं मोगरिया दास बाबा की प्रतिमा स्थापना को लेकर रविवार को निकली भव्य शोभायात्रा
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। नगर उसावां में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं मां काली तथा मोगरिया दास बाबा की प्रतिमा स्थापना महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे नगर में “जय मां काली”, “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ थाना परिसर के सामने स्थित प्राचीन दुर्गा माता मंदिर से हुआ। यात्रा मुख्य बाजार, काली माता मंदिर, हनुमान मंदिर सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः प्राचीन दुर्गा माता मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए धर्म ध्वज लहराए तथा नगरवासियों को श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रतिमा स्थापना महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर बजरंग दल के कार्यकर्ता ऋतिक बजरंगी, सूरज सिंह बजरंगी, मुरारी लाल गुप्ता, लंकुश सक्सेना, श्रीनिवास सक्सेना, राहुल सक्सेना, नरेंद्र कश्यप, रामविलास कश्यप, चंद्रपाल कश्यप, नंदकिशोर शर्मा, आसाराम कश्यप, नैतिक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के साथ मां काली एवं मोगरिया दास बाबा की प्रतिमा स्थापना महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करने की अपील की।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

