8:17 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उसावा में प्रेम की मिसाल: हीरा नजमी बनी हिमांशी कुमारी, बाबा खाटू श्याम मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी

बदायूं

उसावा में प्रेम की मिसाल: हीरा नजमी बनी हिमांशी कुमारी, बाबा खाटू श्याम मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी

केशव गुप्ता

उसावा (बदायूं)। नगर पंचायत उसावा के अकबरपुर चौराहा स्थित बाबा खाटू श्याम मंदिर मंगलवार को उस समय चर्चाओं का केंद्र बन गया, जब एक गैर समुदाय की युवती ने स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपनाकर अपने प्रेमी के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर लिया। विवाह समारोह राष्ट्रीय बजरंग दल की अगुवाई में संपन्न हुआ, जहां मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
जानकारी के अनुसार, युवती हीरा नजमी ने हिंदू धर्म स्वीकार करने के बाद अपना नाम बदलकर हिमांशी कुमारी रख लिया। इसके बाद उसने नगर पंचायत उसावा वार्ड नंबर-2 निवासी अतुल कुमार पुत्र धर्मेंद्र के साथ वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू परंपराओं के अनुसार सात फेरे लिए। मंदिर परिसर में संपन्न हुए इस विवाह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
विवाह के बाद हिमांशी कुमारी ने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से पहले कोर्ट मैरिज की थी और अब पूरी तरह हिंदू धर्म में आकर सामाजिक एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के तहत विवाह किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह अपने पति अतुल कुमार के साथ रहना चाहती हैं और किसी प्रकार के दबाव में नहीं हैं। यदि भविष्य में उन्हें किसी तरह का खतरा महसूस होता है तो वह पुलिस प्रशासन की सहायता लेंगी।
वहीं अतुल कुमार ने बताया कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में उन्हें युवती के परिजनों की ओर से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, जिसके चलते उन्होंने सुरक्षा की मांग भी की है।
इस पूरे घटनाक्रम में राष्ट्रीय बजरंग दल की सक्रिय भूमिका देखने को मिली। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं। विवाह संपन्न होने के बाद कार्यकर्ता नवविवाहित जोड़े को सकुशल उनके घर तक छोड़ने भी पहुंचे। इस दौरान अतुल के माता-पिता ने हिमांशी कुमारी को अपनी बहू के रूप में स्वीकार करते हुए परिवार में स्वागत किया।
उधर, थानाध्यक्ष उसावां राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के विरुद्ध आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों के निस्तारण के लिए दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान युवती ने स्पष्ट रूप से युवक के साथ जाने और उसके साथ रहने की इच्छा जताई। युवती के बयान और उसकी सहमति के आधार पर उसे युवक एवं उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद यह विवाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रेम, सामाजिक स्वीकृति और व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े इस मामले को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस