बदायूं
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम
केशव गुप्ता
उसावां। थाना क्षेत्र के ग्राम उदैया नगला निवासी 75 वर्षीय भीमसेन यादव की शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि भीमसेन यादव मक्का का नमूना दिखाकर पैदल ही उसावां लौट रहे थे। तभी दोपहर करीब तीन बजे एचपी पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से अपनी बाइक सहित फरार हो गया। दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उसावां भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचीं उनकी पत्नी मोरकली, नाती आराम सिंह सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सभी बच्चों का विवाह हो चुका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
