11:06 am Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

सावन मेले की सुरक्षा को लेकर उसावा थाने में बैठक, राष्ट्रीय बजरंग दल के 30 कार्यकर्ता बने ‘पुलिस मित्र’

बदायूं

सावन मेले की सुरक्षा को लेकर उसावा थाने में बैठक, राष्ट्रीय बजरंग दल के 30 कार्यकर्ता बने ‘पुलिस मित्र’

केशव गुप्ता

उसावा (बदायूं)। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को उसावा थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय बजरंग दल के 30 कार्यकर्ताओं को ‘पुलिस मित्र’ के रूप में नियुक्त करते हुए उन्हें सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि सावन मेले और कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना नहीं होने दी जाएगी। सभी पुलिस मित्र श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करेंगे।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में यात्रा में शामिल न हो। साथ ही सभी डीजे संचालक, आयोजक एवं सहयोगी शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और सरकारी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की भी अपील की गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि नालों और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर हंगामा करने, यातायात बाधित करने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि इस बार ‘पुलिस मित्र’ पुलिस और जनता के बीच सेतु बनकर कार्य करेंगे तथा सावन मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस