बदायूं
कांवड़ मार्ग पर स्ट्रीट लाइट कार्य को लेकर उसावां में बवाल, आस्था से खिलवाड़ और अनियमितताओं के आरोप; निष्पक्ष जांच की उठी मांग
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। नगर पंचायत उसावां में पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) परियोजना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद इस कार्य की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। जिसमें कांवड़ मार्ग पर खुदाई से श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है।
बताया जा रहा है कि लगभग 1 करोड़ 31 लाख 77 हजार रुपये की लागत से एमएफ हाईवे किनारे करीब 160 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि पोल लगाने के कई महीने बाद केबल डालने के लिए सावन शुरू होने से ठीक पहले सड़क किनारे फुटपाथ की खुदाई कर दी गई, जिससे पूरे मार्ग पर गड्ढे, ईंटों का मलबा और अव्यवस्था फैल गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन माह में हजारों शिवभक्त इसी मार्ग से नंगे पैर कांवड़ लेकर गुजरते हैं। ऐसे समय में खुदाई छोड़ देना श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही है। लोगों का आरोप है कि इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है तथा सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम और अतिक्रमण की स्थिति भी बन रही है। सवाल उठाया जा रहा है कि यदि यह कार्य पहले से प्रस्तावित था तो इसे सावन शुरू होने से पहले क्यों पूरा नहीं कराया गया।
वायरल तस्वीरों के आधार पर कुछ लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कई स्थानों पर खुले केबल पड़े हैं, पोल के आसपास जमीन क्षतिग्रस्त है, सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ पोल लगने से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गए।
इसके साथ ही एक और गंभीर आरोप यह लगाया जा रहा है कि कार्य का ठेका निजी ठेकेदार को दिए जाने के बावजूद मौके पर नगर पंचायत के वाहन, ट्रैक्टर और श्रमिकों का उपयोग किया जा रहा है। यदि ऐसा है तो यह सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला हो सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जनता के टैक्स के पैसे का उपयोग किसी निजी ठेकेदार के लाभ के लिए नहीं होना चाहिए।
राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांतीय संगठन महामंत्री पंकज गुप्ता ने भी कांवड़ मार्ग पर खुले गड्ढों से हादसे की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, कांवड़ मार्ग को तत्काल सुरक्षित कराने, कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
